JPSC 6th Civil Service Revised Result:
रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने छठी संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम में एक बार फिर संशोधन किया है। शुक्रवार को आयोग ने झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के बाद संशोधित रिजल्ट जारी किया, जिसमें खेल कोटा के तहत मोहिनी रितिका टोप्पो को प्रशासनिक सेवा में नियुक्ति दी गई है। वह अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से आती हैं।
छठी सिविल सेवा परीक्षा का तीसरा संशोधित परिणाम:
यह छठी सिविल सेवा परीक्षा का तीसरा संशोधित परिणाम है। इसका पहला परिणाम अप्रैल 2020 में जारी हुआ था, जिसके बाद मार्च 2022 में दूसरा संशोधित रिजल्ट प्रकाशित किया गया था। ताज़ा संशोधन कोर्ट के निर्देशों के बाद किया गया है।
छठी सिविल सेवा परीक्षा कुल 326 पदों के लिए आयोजित हुई थी, जिनमें से 143 पद प्रशासनिक सेवा के अंतर्गत आते हैं। परिणाम जारी होने के बाद कई अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में त्रुटियों, मूल्यांकन के तौर-तरीकों और गलत चयन को लेकर शिकायतें दर्ज की थीं। इस पर कई याचिकाएं हाईकोर्ट में दायर हुईं, जिसकी सुनवाई लंबे समय तक चली। मार्च 2022 में जारी संशोधित परिणाम में पहले चयनित कुछ उम्मीदवार बाहर हो गए थे, जिससे विवाद और बढ़ गया। अब हाईकोर्ट के नवीनतम आदेश के बाद आयोग ने तीसरी बार सूची में बदलाव किया है और खेल कोटा के तहत मोहिनी रितिका टोप्पो का चयन सुनिश्चित किया गया है।







