दुमका। ईडी की कार्रवाई से झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और कार्यकर्ता नाराज है। ईडी के विरोध में झामुमो ने शनिवार को दुमका बंद बुलाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ की जा रही कार्रवाई से झामुमो कार्यकर्ता नाराज हैं।
बंद को सफल बनाने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता शनिवार को सड़कों पर उतरे। उन्होंने ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने बाजार बंद करा दिया और वाहनों का आवाजाही बंद करा दी।
बंद का असर सुबह से ही दिखने लगा था। हाथों में बैनर पोस्टर और लाठी लेकर कार्यकर्ताओं ने एक-एक दुकान बंद करा दी। इस दौरान केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया गया।
झामुमो कार्यकर्ता सभी इलाकों में घूम-घूमकर बंद कराते दिखे। पुलिस इस दौरान मूक दर्शक बनी रही। जिला इकाई के प्रवक्ता अब्दुल सलाम अंसारी ने कहा कि कुछ दिन पहले जब ईडी ने मुख्यमंत्री आवास पर हेमंत सोरेन से लंबी पूछताछ कर ली थी, फिर नया समन क्यों।
सीएम हेमंत सोरेन को विकास कार्यों से रोका जा रहा है। यह हमारा सांकेतिक बाजार बंद है। अगर हमारे नेता हेमंत सोरेन को अपमानित और प्रताड़ित किया जाएगा तो आगे हम चक्का जाम करेंगे।
बता दें कि झारखंड में ईडी और सीएम के बीच खींचतान जारी है। जमीन घोटाला मामले में ईडी सीएम हेमंत सोरेन से पूछताछ के लिए समन पर समन भेज रही है। 8वां समन भेजने के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने ईडी को सीएम आवास में पूछताछ के बुलाया था।
वहां उनसे 20 जनवरी को लंबी पूछताछ की गई थी। इसके बाद ईडी ने सीएम को एक और 9वां समन भेज दिया। इसके बाद फिर 10वां समन भी भेजा गया है।
इसे भी पढ़ें








