JMM के खूंटी जिलाध्याक्ष के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा [Workers opened a front against the JMM’s Khunti district president]

4 Min Read

JMM:

खूंटी। झामुमो के खूंटी जिलाध्यक्ष जुबेर अहमद को हटाने की मांग को लेकर अब पार्टी के कार्यकर्ता और नेता मुखर हो गए हैं। इसे लेकर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मीडिया के समक्ष अपनी बातें रखी हैं। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि खूंटी के झामुमो जिलाध्यक्ष को हटाने की लगातार केंद्रीय नेतृत्व से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केंद्रीय नेतृत्व ने मामले को लटका कर रखा है।


JMM: जिलाध्यक्ष की कार्यशैली से बढ़ रहा असंतोषः उपाध्यक्ष

झामुमो के जिला उपाध्यक्ष मगन मंजीत तिडू और अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव के समय भी केंद्रीय नेतृत्व को झामुमो जिलाध्यक्ष को बदलने की मांग की गई थी, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने अब तक इस मसले का हल नहीं निकाला। उन्होंने कहा कि इससे संगठन कमजोर हो रहा है और क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है। जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान जिलाध्यक्ष जुबेर अहमद की कार्यशैली से खूंटी झामुमो के सभी कार्यकर्ता नाराज हैं।

JMM: अब नहीं हुई कार्रवाईः

उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व को सारे क्रियाकलापों से अवगत कराया गया है। बावजूद अब तक जिलाध्यक्ष को पद पर बनाए रखना जिला प्रखंड और पंचायत स्तरीय संगठन की आवाज को दबाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी संगठन कमजोर होगा। जिलाध्यक्ष की मनमानी से कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसलिए उन्हें जल्द से जल्द हटाया जाये।

JMM: ये रहे मौजूदः

इस मौके पर जिले के लगभग सभी प्रखंडों के प्रखंड अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से पूर्व केंद्रीय सदस्य डॉ. हेमंत तोपनो, प्रखंड सचिव महेंद्र सिंह मुंडा, प्रकाश मुंडा, खूंटी प्रखंड अध्यक्ष नंदराम मुंडा, अड़की अध्यक्ष चंद्र सहाय सोले, कर्रा अध्यक्ष संदीप हेरेंज, मुरहू अध्यक्ष सालन बोदरा, विजय सांगा, जॉनसन होरो, गंदुर मुंडा समेत जिले के सभी प्रखंडों के कार्यकर्ता शामिल थे।

उपाध्यक्ष मगन मंजीत ने प्रेस वार्ता कर बताया कि केंद्रीय समिति को पूर्व से अवगत करा दिया गया था कि जुबेर को हटाकर किसी को भी जिलाध्यक्ष बना दें. उन्होंने कहा कि केंद्रीय कमेटी ने बगैर कोई रायशुमारी किए जुबेर को जिलाध्यक्ष बना दिया. चुनाव से पूर्व से जिलाध्यक्ष बदलने की मांग की जा रही थी. इस पर गांडेय विधायक ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया गया था कि 15 दिनों के भीतर उसे हटा दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. जिसके कारण आज सभी गोलबंद होकर जिलाध्यक्ष को हटाने की रणनीति बना रहे हैं।

JMM: मांग नहीं मानी गई तो कार्यकर्ता करेंगे आंदोलनः डॉ. हेमंत

वहीं झामुमो के केंद्रीय सदस्य डॉ. हेमंत तोपनो ने भी जुबेर की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वर्ष 2007 से लगातार संगठन उसे जिलाध्यक्ष बना रहा है। जिलाध्यक्ष जुबेर अहमद संगठन के लोगों से दूरी बनाकर रहते हैं और उनका कार्यकर्ताओं से किसी तरह का कोई तालमेल नहीं है। कई अन्य कारणों के कारण जिलास्तरीय झामुमो ने फैसला लिया है कि जिलाध्यक्ष के पद से जुबेर को हटा कर किसी अन्य को जिम्मेदारी दी जाए. उन्होंने कहा कि संगठन अगर जिलाध्यक्ष को पार्टी से नहीं हटाती है तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें

झामुमो की सदस्यता अभियान की प्रगति रिपोर्ट मुख्यालय पहुंची

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं