JLKM Metafab siege:
सरायकेला। झारखंड के सरायकेला जिले में मंगलवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मजदूरों ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेटाफैब कंपनी का घेराव किया। केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रेम मार्डी की अगुवाई में मजदूरों ने कंपनी गेट के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और मुख्य गेट को जाम कर दिया।
प्रदर्शन का मुख्य कारण
मजदूरों का आरोप है कि कंपनी में कार्य के दौरान घायल हुए श्रमिकों को उचित मुआवजा और स्थायी नौकरी नहीं दी गई। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मजदूर लोटा मुर्मू और बासु सरदार की उंगलियां कट गई थीं, फिर भी उन्हें मुआवजा नहीं दिया गया। वहीं पंचम मुदी की उंगली टूटने पर उसे नौकरी से हटा दिया गया और 12 साल से काम कर रहे सोनू लोहार को भी बिना नोटिस निकाल दिया गया।
मांगें क्या हैं?
प्रेम मार्डी ने कंपनी प्रबंधन को लिखित मांग पत्र सौंपा जिसमें घायल मजदूरों को मुआवजा, ठेका मजदूरों को पीएफ और ईएसआई जैसी सुविधाएं, हटाए गए कर्मचारियों की बहाली जैसी प्रमुख मांगे रखी गईं। उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी श्रम अधीक्षक को शिकायत की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ी चिंता
जेएलकेएम की बढ़ती सक्रियता से औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों में चिंता का माहौल है। आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्रों में लगातार मजदूरों के हक की आवाज उठाई जा रही है, जिससे कंपनियों पर दबाव बढ़ रहा है। हालांकि उद्यमी खुलकर कुछ नहीं बोल रहे, लेकिन इसे एक बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें
JLKM’s agitation intensifies:जेएलकेएम का आंदोलन तेज, कार्यकर्ताओं ने मांडू विधायक का पुतला फूंका






