तोरपा सीट से लड़ा था विधानसभा चुनाव
खूंटी। खूंटी जिला के तोरपा विधानसभा सीट से चुनाव लड़नेवाले JLKM नेता छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार किये गये हैं। उन पर एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा है। मामला जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र का है। यहां एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है।
आरोपी की पहचान जेएलकेएम नेता लक्ष्मण पाहन के रूप में हुई है। आरोपी ने झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में जयराम महतो की पार्टी जेएलकेएम के टिकट पर तोरपा सीट से चुनाव लड़ा था।
पीड़िता ने थाने किया केसः
पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी उसे धमकाने का भी प्रयास करता था।
3 साल से परेशान करने का आरोपः
पीड़िता ने बताया कि आरोपी लक्ष्मण पाहन उसे 3 साल से परेशान कर रहा था। जब वह 11 साल की थी, तभी से वह उसके साथ छेड़छाड़ करता आ रहा था। परिजनों को पता चलने के बाद उन्होंने पीड़िता को अपने नानी घर भेज दिया। इसके बाद भी आरोपी वहां जा कर उसे परेशान करता था।
परिजनों के सख्ती से समझाने के बाद कुछ दिन तक उसने परेशान करना बंद कर दिया था। लेकिन फिर 2 साल बाद रांची आकर पीड़िता से छेड़छाड़ करने लगा। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे प्रलोभन देते हुए कहा कि वह उसके साथ शादी करेगा और दोनों दिल्ली चले जाएंगे।
पाहन ने अपना जुर्म स्वीकाराः
पीड़िता ने इस बारे में अपने परिजनों को बताया। इसके बाद परिजनों ने इसकी शिकायत जरियागढ़ थाना में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
इसे भी पढ़ें









