रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को झारखंड के जनजाति समूहों से संवाद करेंगे। पीएम गुमला के बिशुनपुर एवं खूंटी के अड़की प्रखंड के विलुप्तप्राय जनजाति समूह के लोगों से संवाद करेंगे। दोपहर 12 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम जनजाति समूहों को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री इस मौके पर पीएम-जनमन योजना (जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान) के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के एक लाख लाभार्थियों को पहली किस्त भी जारी करेंगे। कार्यक्रम में पीएम जनमन पर आधारित शॉर्ट फिल्म का प्रसारण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर सारी तैयारी कर ली गई है। इसे लेकर बिरहोर समुदाय के लोग काफी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री से बातचीत के बाद इनके गांव की तस्वीर और बिरहोरों की तकदीर बदलेगी। पीएम उनके विकास और रोजगार के लिए काम करेंगे।
योजनाओं को लेकर किया जायेगा जागरूक
इस मेगा इवेंट में टीकाकरण, सुरक्षित प्रसव, आयुष्मान कार्ड, वन अधिकार पत्र, राशन कार्ड आजीविका के साधनों आदि को लेकर जागरूक भी किया जायेगा। हितग्राहियों को वन अधिकार मान्यता पत्र, आयुष्मान भारत कार्ड, पक्के आवास, किसानों को किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड, कृषि उपकरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री उज्जवला गैस कनेक्शन और समाज कल्याण विभाग की योजना के तहत दिव्यागोंजनों को छड़ी व कान की मशीन वितरण किया जाएगा। योजना के तहत 9 केंद्रीय मंत्रालयों की मौजूदा योजनाओं के माध्यम से अगले 3 साल में 11 गतिविधियों के अंतर्गत उनका सामाजिक-आर्थिक उत्थान किया जाना है।
प्रधानमंत्री से इन्हें काफी उम्मीद
तेलंगाडीह के आदिम जनजाति के लोग पीएम से बात करने के लिए काफी उत्साहित है। इन्हें उम्मीद है कि 15 जनवरी को जब पीएम बिरहोरों से संवाद करेंगे तो शायद उनकी मांगें भी पूर्ण होंगी। स्थानीय लीगों ने कहा कि हमें बहुत खुशी है कि पीएम हमारे जैसे पिछड़े इलाके के लोगों से बातचीत करेंगे।
उन्होंने उम्मीद है कि प्रधानमंत्री आदिम जनजातियों के उत्थान और कल्याण के लिए कार्य करेंगे और बुनियादी सुविधाओं के साथ शिक्षा और रोजगार की दिशा में भी नए कदम उठाएंगे। गांव को बेहतर सड़क से जोड़ने और कलवट निर्माण की उम्मीद भी ग्रामीणों ने लगाई है। उन्होंने कहा कि पहली बार देश के कोई प्रधानमंत्री आदिम जनजातियों के विकास को लेकर सीधा संवाद करेंगे। इसका वे बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें








