झारखंड के पूर्व विधायक ने युवक से चटवाई थूक

3 Min Read

रांची। मध्य प्रदेश के पेशाब कांड की आंच अभी ठंडी भी नहीं हुई थी, झारखंड में भी एक ऐसी ही शर्मनाक घटना घटी है। यहां दुमका में जरमुंडी के पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार का एक वीडियो वायरल हुआ हुआ, जिसमें वह एक युवक से थूक चटवाते देखे जा रहे हैं। इतना ही नहीं, इससे पहले उन्होंने युवक से उठक-बैठक भी करवाई। इसके बाद उसे लात भी मारी।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि वहां पंचायती हो रही है। नेताजी एक कुर्सी पर बैठे हैं और सामने एक युवक जमीन पर बैठा है। आसपास कई लोग खड़े हैं, जो उठक-बैठक की गिनती कर रहे हैं। वहीं, नेताजी सफेद-पैंट शर्ट में शहंशाह की तरह बैठे थूक कर चाटने का आदेश दे रहे हैं। नेताजी की दबंगई ऐसी कि इतने सब से मन नहीं भरा, तो युवक को लगे लात से मारने।

वीडियो वायरल होने के बाद जब मीडिया वालों ने नेताजी को घेरा, तो लगे सफाई देने कि उन्होंने तो युवक की जान बचाई है। उन्होंने कहा कि इस युवक का नाम तौसिफ है। वह बगल के ही गांव साधूडीह का रहनेवाला है और उनकी जमीन पर ही फल की दुकान लगाता है। पिछले कई दिनों से गांववाले युवक की शिकायत कर रहे थे कि वह गांव की महिलाओं की नहाते हुए वीडियो बनाता है। लोगों में इसे लेकर काफी आक्रोश था। तब उन्होंने लड़के बुलाकर गांववालों की मर्जी से उठक बैठक कराई और एक लात मार दिया।

यदि वह ऐसा नहीं करते, तो गांववाले इतने नाराज थे कि पीट-पीट कर उसकी जान ले लेते। इसलिए हल्की सी सजा देकर उन्होंने उसकी रक्षा की। हालांकि नेताजी थूक चटवाने के मामले में कन्नी काट गये। बताते चलें कि देवेंद्र कुमार जरमुंडी से दो बार विधायक रहे हैं। 1995 में वह झामुमो के टिकट पर जीते थे, जबकि 2005 में बीजेपी से विधायक बने थे।

2019 में भी वह जरमुंडी से बीजेपी की टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गये। बहरहाल अब उनका ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और जाहिर अब सवाल तो उनकी पार्टी से पहले पूछे जायेंगे। फिलहाल इसे लेकर अब तक संबंधित थाने में मामला दर्ज नहीं हुआ है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं