रांची। डुमरी विधानसभा से तीन बार विधायक रहे झारखंड के पहले ऊर्जा मंत्री लालचंद महतो का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी उम्र 72 साल थी।
रांची में उन्हें अपने आवास पर देर रात बाथरूम में चक्कर आया और वे गिरकर बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुबह 10:00 बजे झारखंड विधानसभा परिसर में उनका राजकीय सम्मान किया जाएगा। इसके बाद अंतिम यात्रा निकलेगी।
पेटरवार, जैनामोड, फुसरो, चपरी, सारूबेड़ा, नावाडीह, सुरही, असुरबांध और डुमरी में अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को रखा जाएगा।
दोपहर के बाद उनका पार्थिव शरीर बोकारो जिले के बैधकारो स्थित आवास पर लाया जाएगा।
जहां से अंतिम यात्रा निकालकर दामोदर नदी तट पर पहुंचकर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
लालचंद महतो ने RSS से जुड़कर भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य रहते हुए राजनीति की शुरुआत की थी।
लोकनायक जयप्रकाश नारायण से प्रभावित होकर समाजवादी विचारधारा की ओर रुख कर लिया।
आपातकाल के बाद हुए विधानसभा चुनाव में अपने 25 साल की उम्र 1977 में वे जनता पार्टी के टिकट पर डुमरी विधानसभा से विधायक बने थे।
उसके बाद वे समता पार्टी के टिकट से चुनाव लड़कर 1990 में एक बार फिर से लालचंद महतो विधायक बने।
साल 1999 में हुए विधानसभा चुनाव में जदयू प्रत्याशी के रूप में डुमरी सीट से चुनाव लड़कर तीसरी बार विधायक बने थे।
इसे भी पढ़ें








