Junior National Women’s Hockey:
काकीनाड़ा, एजेंसियां। झारखंड की बेटियों ने जूनियर महिला हॉकी का खिताब जीत लिया है। झारखंड ने फाइनल में हरियाणा को हरा कर राज्य का नाम रोशन किया है। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 1 से 12 अगस्त तक आंध्र प्रदेश के काकीनाड़ा में आयोजित 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप में झारखंड ने गोल्ड जीता है।
हरियाणा को 2-1 से हरायाः
फाइनल मुकाबले में झारखंड ने अपने पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी हरियाणा को 2-1 से पराजित कर लगातार दूसरे वर्ष खिताब अपने नाम किया। मैच के 10वें मिनट में टीम की स्टार फॉरवर्ड स्वीटी डुंगडुंग ने शानदार गोल करते हुए झारखंड को 1-0 की बढ़त दिलाई। यह टूर्नामेंट में उनका पांचवां गोल था, जिससे वह सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी बनीं। दो मिनट बाद शांति कुमारी ने दूसरा गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी।
हरियाणा ने वापसी की कोशिश कीः
हालांकि 52वें मिनट में हरियाणा की कीर्ति ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन झारखंड की रक्षापंक्ति ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए बढ़त को अंत तक बरकरार रखा।
चौथी बार चैंपियन बना झारखंडः
झारखंड की टीम इससे पहले 2024, 2019 और 2018 में भी विजेता रह चुकी है। इस वर्ष राज्य की महिला हॉकी टीम ने सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर – तीनों वर्गों में चैंपियन बनकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हॉकी झारखंड और राज्य खेल विभाग ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इसे झारखंड के खेल इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया है।
इसे भी पढ़ें
सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम में 20 प्रतिशत झारखंड के खिलाड़ी
