10 और 11 जून को बंद रहेगा झारखंड

2 Min Read

नियोजन नीति के विरोध में फिर युवा करेंगे आंदोलन

रांची। स्थानीय नीति के विरोध में झारखंड स्टेट स्टूडेंट यूनियन ने एक बार फिर झारखंड बंद का आह्वान किया है। 10 और 11 जून को झारखंड बंद रहेगा। झारखंड स्टेट स्टूडेंट यूनियन लगातार स्थानीय नीति का विरोध कर रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी छात्रों ने टि्वटर पर अभियान चलाया। अब एक बार फिर सड़क पर उतरकर विरोध करने की तैयारी की जा रही है।

नियोजन नीति को लेकर संगठन ने सांसद और विधायकों से मिलकर अपनी बात रखी। नियोजन नीति को लेकर उनकी भी राय जानी। कई जिलों में नियोजन नीति के विरोध में प्रचार अभियान भी चलाया गया। युवाओं ने नेताओं से भी नियोजन नीति के विरोध में समर्थन मांगा है। छात्र अपनी मांग को लेकर मांदर ढाक नगाड़ा बजाकर सखुआ पत्ता लेकर घूम रहे है और युवाओं को एकजुट होकर स्थानीय नीति का विरोध करने का आह्वान कर रहे हैं।

नयी नियोजन नीति पर नियुक्तियां शुरू

नयी नियोजन नीति अभी सिर्फ कैबिनेट में पास हुई है। यह अभी न तो विधानसभा से पास हुई है और ना ही गजट पत्र बना है। एक तरफ सरकार इसके माध्यम से नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है। दूसरी तरफ 60-40 आधारित नीति को लेकर युवाओं का विरोध प्रदर्शन जारी है।

इस नियोजन नीति का यूथ एसोसिएशन के साथ – साथ कई छात्र संगठन भी विरोध कर रहे हैं। इनमें झारखंड उलगुलान मार्च, पंचपरगना फाइटर, आदिवासी छात्र संघ, आमया और आदिवासी मूलवासी संगठन भी शामिल है। छात्र विरोध कर रहे हैं कि 60 प्रतिशत सीटों पर नियुक्तियां झारखंड के आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों की होंगी, वहीं 40 प्रतिशत सीटें ‘ओपन टू ऑल’ है, 40 प्रतिशत सीटों पर किसी भी राज्य के युवा झारखंड में रोजगार पा सकते हैं। छात्र इसी का विरोध कर रहे हैं ।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं