Jharkhand voter list:
रांची। झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही मतदाता सूची को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के रवि कुमार ने जानकारी दी है कि मौजूदा मतदाता सूची से लगभग 12 लाख नाम हटाने का निर्णय लिया गया है। ये वे मतदाता हैं जो कहीं और स्थानांतरित हो चुके हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं।
सीईओ के अनुसार:
सीईओ ने बताया कि पिछले एसआईआर की सूची से वर्तमान मतदाताओं की कुल 1 करोड़ 61 लाख 55 हजार 740 की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। उन्होंने यह बात मंगलवार को निर्वाचन सदन में आयोजित बैठक में कही, जहां विधानसभा के इआरओ और सभी उप निर्वाचन पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अन्य राज्यों से आए मतदाताओं के पैतृक स्थानों की मैपिंग प्राथमिकता के साथ की जाए। इसके लिए संबंधित राज्य के सीईओ की वेबसाइट या भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करने को कहा गया है। उनका कहना है कि इस प्रक्रिया से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं को कम दस्तावेज देने होंगे और काम भी आसान होगा।
सीईओ ने कम प्रदर्शन वाले बीएलओ को चिह्नित कर बैचवार ट्रेनिंग देने का निर्देश भी जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर के दौरान कोई भी योग्य मतदाता छूटना नहीं चाहिए। इसके साथ ही बीएलओ की समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय के हेल्प डेस्क मैनेजर की सहायता लेने की सलाह दी गई है, ताकि वे मतदाता सूची में पुरानी प्रविष्टियों की जांच सही से कर सकें।
