झारखंड आदिवासी महोत्सव 9 अगस्त को

3 Min Read

लाइट शो समेत कई आयोजन होंगे

रांची। विश्व आदिवासी दिवस पर रांची में दो दिवसीय जनजातीय महोत्सव होगा। भव्य आयोजन की तैयारी जोरशोर से की जा रही है। 09 एवं 10 अगस्त को झारखंड आदिवासी महोत्सव 2023 में झारखंडी खान-पान, परिधान, फैशन शो, आदिवासी व्यंजन के स्टॉल लगेंगे। विविध जनजातीय सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रमों की छटा बिखरेगी।

रांची में इसकी तैयारी लगभग पूरी हो गई है। विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर वृहद आयोजन होगा। रांची के जेल चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह संग्रहालय में विश्व आदिवासी दिवस पर कार्यक्रम होंगे। इसे लेकर अधिकारी लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।

अधिकारियों का कहना है कि एक से बढ़कर एक कई आयोजन होंगे। मौसम को देखते हुए वाटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था की गयी है। आदिवासी महोत्सव-2023 में रीझ रंग रसिका रैली मुख्य होगी। 9 अगस्त की दोपहर 12 बजे रैली धुमकुड़िया भवन, करमटोली चौक से जेल रोड स्थित बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान के लिए प्रस्थान करेगी।

32 जनजातीय वाद्य यंत्रों का संगम होगा रैली में

इस रैली में झारखंड की 32 विभिन्न जनजातीय वाद्य यंत्रों का संगम खास होगा। रैली में असुर, बैंगा, बंजारा, बथुडी, बेदिया, बिंझिया, बिरहोर, बिरजिया, चेरो, चिक-बड़ाईक, गोंड, गोडाईल, हो, करमाली, खड़िया, कंवर, खरवार, खोंड, किसान, कोरा, कोरवा, लोहरा, महली, माल पहाड़िया, मुंडा, उरांव, परहईया, संथाल, सौरिया पहाड़िया, सवर,भूमिज एवं कोल जनजाति के कलाकार अपने वाद्ययंत्रों के साथ होंगे।

72 स्टॉल लगेंगे

कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। देशभर के कई राज्यों से लोग इसमें शामिल होंगे। हेमंत सोरेन सरकार इसे यादगार बनाने का हर संभव प्रयास कर रही है। रांची के जेल चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह संग्रहालय में 72 स्टॉल बनाये जा रहे हैं। कार्यक्रम में ट्राइबल फैशन शो भी होगा। पारंपरिक आदिवासी आभूषणों की प्रदर्शनी भी लगेगी।

सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जायेगी

झारखंड आदिवासी महोत्सव-2023 में लोगों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी भी दी जायेगी। इसमें कृषि, कल्याण, ग्रामीण विकास, श्रम, शिक्षा, समाज कल्याण आदि से संबंधित योजनाओं के स्टॉल होंगे। प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, फूलो-झानो आशीर्वाद एवं बिरसा हरित ग्राम अभियान, सारथी योजना, गुरुजी क्रेडिट कार्ड, सर्वंजन पेंशन योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मरांग गोमके जयपाल सिंह मुण्डा ओवरसीज स्कॉलरशिप स्कीम (एमजीओएस) आदि से संबंधित स्टॉल लगायें जायेंगे, ताकि लोग योजना की जानकारी के साथ-साथ लाभान्वित होने की प्रक्रिया भी जान पायें।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं