Jharkhand transgender health clinics:
रांची। झारखंड सरकार ने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पतालों में “Transgender Health Clinic” स्थापित किए जाएंगे। इस पहल से राज्य के 14,732 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को समर्पित और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। स्वास्थ्य विभाग के अवर सचिव धीरंजन प्रसाद शर्मा ने सभी सिविल सर्जनों और सरकारी मेडिकल कॉलेजों को पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि इन क्लिनिकों की व्यवस्था जल्द से जल्द शुरू की जाए। हर अस्पताल में अलग पंजीकरण काउंटर, जांच सुविधा और परामर्श कक्ष बनाए जाएंगे, ताकि ट्रांसजेंडर मरीजों को अन्य मरीजों की तरह समान और सहज सुविधा मिल सके।
सरकार ने क्या तय किया?
सरकार ने यह भी तय किया है कि डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को ट्रांसजेंडर संवेदनशीलता पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य प्रणाली में भेदभाव को समाप्त करना और ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा की स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है।यह निर्णय सामाजिक संस्था “पीपल फॉर चेंज” की पहल पर लिया गया है। संस्था के ट्रस्टी सौविक साहा ने जनवरी 2025 में इस दिशा में अभियान शुरू किया था। उनके अनुसार, यह कदम केवल स्वास्थ्य सुविधा नहीं, बल्कि ट्रांसजेंडर समुदाय की गरिमा और अधिकारों की आधिकारिक मान्यता है।
ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने कहा:
झारखंड सरकार के इस कदम का पूरे राज्य में स्वागत किया जा रहा है। ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने कहा कि यह फैसला उनके लिए “समानता और सम्मान” की दिशा में ऐतिहासिक मील का पत्थर है।स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस मॉडल को सफल बनाने के बाद इसे बिहार, ओडिशा, बंगाल और छत्तीसगढ़ जैसे पड़ोसी राज्यों में भी लागू करने पर विचार किया जा रहा है।



