Jharkhand weather update:
रांची। झारखंड में अब ठंड का असर धीरे-धीरे खत्म होने लगा है। राज्यभर में तापमान बढ़ने के संकेत साफ नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, जहां अधिकतम तापमान में तेज उछाल देखा गया है, वहीं न्यूनतम पारा भी बढ़ने लगा है। इससे लोगों को सर्दी से राहत मिल रही है और दिन के समय मौसम सुहावना बना हुआ है।
सुबह हल्का कोहरा, दिन में तेज धूप
राज्य के कई इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल रहा है, लेकिन दिन चढ़ते ही धूप खिल जाती है। मौसम शुष्क रहने के कारण विजिबिलिटी बेहतर हो गई है। गर्म कपड़ों की जरूरत अब कम होती जा रही है, हालांकि शाम और रात के समय हल्की ठंड अभी भी महसूस की जा रही है। कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान अब भी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
अधिकतम तापमान में तेज उछाल
पिछले 24 घंटों में झारखंड के अधिकतम तापमान में सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इसके बाद सरायकेला में 30.3 डिग्री और जमशेदपुर में 30.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री, डाल्टनगंज में 28.6 डिग्री और बोकारो में 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कोडरमा, हजारीबाग, लातेहार और लोहरदगा ऐसे जिले हैं, जहां अधिकतम पारा 25 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान में भी औसतन 2 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई है। राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में न्यूनतम पारा 13.2 डिग्री और जमशेदपुर में 13.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है।
आने वाले दिनों में मौसम का रुख
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में हल्की और बढ़ोतरी हो सकती है। इससे साफ है कि झारखंड में सर्दी की विदाई और गर्मी की दस्तक अब शुरू हो चुकी है।












