Jharkhand students protest:
रांची। झारखंड के छात्र 5 दिसंबर से सड़क पर उतरेंगे। ये छात्र नियुक्ति और छात्रवृत्ति की मांग को लेकर 180 किमी की पदयात्रा करेंगे। इसका नेतृत्व झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा कर रहा है। मोर्चा ने इसे लेकर राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। खतियान और छात्रों की मांगों को लेकर यह आंदोलन 5 दिसंबर से 11 दिसंबर तक चलेगा। आंदोलन के तहत 6 दिवसीय 180 किमी पदयात्रा और विधानसभा के समक्ष धरना- प्रदर्शन किया जाएगा।
आज पदयात्रा को हरी झंडी दिखायेंगे विधायक जयराम महतोः
विधायक जयराम महतो चार दिसंबर को डुमरी से हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को राजधानी रांची के लिए रवाना करेंगे। पदयात्रा बोकारो, हजारीबाग और रामगढ़ होते हुए नौ दिसंबर को रांची पहुंचेगी। फिर आगामी मंगलवार को विधानसभा के समक्ष छात्र प्रदर्शन करेंगे। पार्टी के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि सरकार के प्रति छात्रों में भारी नाराजगी है और उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। मुख्य मांगों में प्री-मैट्रिक व पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति का भुगतान, जेपीएससी, छात्रवृत्ति लंबित परीक्षाओं का आयोजन, प्रतियोगी परीक्षा कैलेंडर का पालन, खतियान आधारित नियोजन नीति और गैर सरकारी विभागों में 75% भागीदारी मूल झारखंडियों को शामिल करना है। इधर प्रशासन भी छात्रों के इस आंदोलन को लेकर सतर्क है और सुरक्षा के आवश्यक बंदोबस्त किये जा रहे हैं।







