..तो इसलिए नीतीश ने थामा बीजेपी का दामन

3 Min Read

राजद का दबाव और इंडि गठबंधन अनिश्चितता बने कारण

पटना। नीतीश कुमार ने आखिरकार खुलासा कर ही दिया कि उन्होंने एनडीए का दामन क्यों थामा। राजभवन से निकलने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि मैंने कार्यकर्ताओं, साथी नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों से मिले फीडबैक के बाद यह फैसला लिया।

जो सरकार थी उसे समाप्त कर दिया है। डेढ़ साल पहले हमने गठबंधन बनाया था। उसकी स्थिति ठीक नहीं थी। लोगों द्वारा जो दावा किया जा रहा था, उसमें मैं सहज नहीं था। हमें लोगों को जवाब देना था।

उन्होंने कहा कि हम नये गठबंधन में जा रहे हैं, वहां जो अन्य पार्टियां हैं, उनसे मंथन करने के बाद ही आगे की प्रक्रिया तय होगी। नीतीश कुमार ने कहा कि मैंने उनके साथ राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन (इंडि गठबंधन) बनाया था। पर उधर भी कोई कुछ काम नहीं कर रहा था। इन्हीं बातों से हमें तकलीफ थी।

सात माह पूर्व ही लिखी गई थी पटकथा

बिहार में पिछले 3 दिनों से जारी सियासी हलचल नीतीश के इस्तीफे के साथ ही खत्म हो गई है। राजनीतिक विशेषज्ञों के मुताबिक महागठबंधन सरकार के पतन की पटकथा उसी दिन लिख ली गई थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के बीच जी20 सम्मेलन के दौरान मुलाकात हुई थी।

इसके कुछ समय बाद उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह से भी बातचीत की थी। कर्पूरी ठाकुर की 100वीं जयंती की पूर्व संध्या पर उन्हें भारत रत्न देने का ऐलान किया गया। नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री का आभार जताया था।

इसी दिन एक कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद यादव या तेजस्वी यादव का नाम लिये बिना वंशवाद पर हमला बोला। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग अपने परिवार को ही आगे बढ़ाने में लगे रहते हैं।

इस बयान पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की टिप्णी से मामला और बिगड़ गया। तब से ही महागठबंधन में फूट की चर्चा शुरू हो गई थी।

दबाव में थे नीतीश कुमार राजनीतिक विश्लेषकों का यह भी अनुमान है कि नीतीश कुमार पर आरजेडी की तरफ से लगातार तेजस्वी को उत्तराधिकारी घोषित करने का दबाव बनाया जा रहा था।

आरजेडी की तरफ से कहा जाने लगा था कि नीतीश कुमार केंद्र संभालेंगे और तेजस्वी बिहार। इन सब बातों से नीतीश काफी दबाव में थे। उन्हें यह भी आभास हो चला था कि इंडि गठबंधन में कोई भविष्य नहीं है।

इसे भी पढ़ें

कांग्रेस को पता था कि नीतीश मारेंगे पलटी !

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं