Jharkhand municipal election: रांची में मेयर पद पर 2 महिलाओं की जंग, JMM खामोश

4 Min Read

Jharkhand municipal election

रांची। रांची मेयर पद के लिए कांग्रेस और भाजपा समर्थित प्रत्याशी का एलान हो गया है। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मेयर रमा खलखो को कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं भाजपा ने दो टर्म की पार्षद रहीं और भाजपा एसटी मोर्चा मोर्चा की प्रदेश मंत्री रौशनी खलखो को पार्टी समर्थित प्रत्याशी बनाया है। दो महिला उम्मीदवारों के उतरने से रांची मेयर पद के लिए चुनाव इस बार खासा दिलचस्प मोड़ ले चुका है। दो प्रमुख महिला उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से मुकाबला न सिर्फ रोचक हुआ है, बल्कि रोमांचक भी हो गया है।

झामुमो के पत्ते खुलने का इंतजार

अब यह चुनाव केवल विकास के वादों तक सीमित नहीं, बल्कि नेतृत्व की नई सोच, प्रशासनिक शैली और महिला भागीदारी के बढ़ते प्रभाव का भी प्रतीक बन गया है। इस मुकाबले को लेकर मतदाताओं के बीच उत्सुकता भी बढ़ गई है, क्योंकि उन्हें इस बार पारंपरिक समीकरणों से अलग एक अलग तरह की टक्कर देखने को मिल रही है। इधर, लोगों को झामुमो के पत्ते खोलने का इंतजार है। अब सारा कुछ झामुमो के अगले कदम पर बहुत हद तक निर्भर करेगा कि मुकाबला आमने-सामने का होगा या त्रिकोणीय और बहुकोणीय।

झामुमो से जुड़े नेताओं को पार्टी के संदेश का इंतजार

झामुमो की बात करें तो सोमवार को एक और झामुमो नेता अंतु तिर्की ने मेयर पद के लिए पर्चा खरीदा। इससे पूर्व झामुमो की ओर से कतरीना तिर्की, वीरू तिर्की, सुजीत कुमार कुजूर, रामशरण तिर्की आदि ने पर्चा खरीदा है। इस हिसाब से झामुमो की ओर से अब तक पांच नेताओं ने पर्चा खरीद लिया है। सोमवार को पर्चा खरीदने वाले अंतु तिर्की ने बताया कि सभी चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र हैं। हमने भी पर्चा खरीदा है। मगर अभी समय है, नाम वापसी तक भी अंतिम निर्णय हो सकता है। हमलोग पार्टी के अंतिम निर्णय का इंतजार कर रहे हैं।

आजसू नेता सुरेंद्र लिंडा भी मेयर के चुनावी मैदान में कूदे

इधर सोमवार को आजसू पार्टी के महानगर संयोजक सुरेंद्र लिंडा ने भी पर्चा खरीदा। सुरेंद्र लिंडा ने बताया कि वे पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। इस लिहाज से उनका हक बनता है। पर्चा खरीद लिया है। अब पार्टी केंद्रीय अध्यक्ष एवं अन्य नेताओं से बातचीत करेंगे।

मेयर पद के लिए पर्चा खरीदने वालों की संख्या 21 हुई

मंगलवार तक मेयर पद के लिए पर्चा खरीदने वालों की संख्या 21 पहुंच गई है। सोमवार को झामुमो की ओर से अंतु तिर्की, भाजपा की ओर से अजय मुंडा, आजसू की ओर से सुरेंद्र लिंडा, सुजीत विजय आंनद कुजूर, सेनेन डेजी सुरीन आदि ने पर्चा खरीदा। इससे पूर्व 16 लोगों ने पर्चा खरीदा है। जिसमें किरण कुमारी, संजय कुमार टोप्पो, रामशरण तिर्की, सुजीत कुमार कुजूर और प्रवीण कच्छप, रमा खलखो, विनोद कुमार बड़ाइक, तनुत तुलियो तिग्गा, बीरू तिर्की, देवी दयाल मुंडा, आरती देवी, सोनू खलखो, राजेंद्र मुंडा, सुनील फकीरा कच्छप, कतरीना तिर्की और सुजाता मिंज शामिल हैं।

Share This Article