VB-G RAM G Bill protest
जामताड़ा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति के निर्देश पर शनिवार को जामताड़ा में जिला कमेटी द्वारा समाहरणालय के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह धरना केंद्र सरकार द्वारा लाए गए VB-G RAM G बिल के विरोध में किया गया, जिसे पार्टी ने मजदूर विरोधी और जनविरोधी करार दिया है। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे, जिससे पूरा इलाका राजनीतिक नारों से गूंज उठा।
अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने किया
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ नेता प्रोफेसर कैलाश प्रसाद साव ने किया। इस मौके पर नरेंद्र मुर्मू ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाकर नया कानून लाना न केवल ऐतिहासिक विरासत का अपमान है, बल्कि यह ग्रामीण मजदूरों के हक पर सीधा हमला भी है। उन्होंने कहा कि यह कानून गरीबों और मजदूरों के साथ अन्याय करता है और झामुमो इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी।
जिला सचिव परेश चंद्र महतो ने भी धरने को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जबरन जनता पर गलत कानून थोप रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नीतियों के जरिए गरीब, आदिवासी, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यकों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झामुमो शिबू सोरेन के विचारों और संघर्ष की विरासत को कमजोर नहीं होने देगी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के विकास को किसी भी कीमत पर बाधित नहीं होने दिया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में वरिष्ठ नेताओं का जमाव
धरना-प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता रविंद्रनाथ दूबे, आनंद टुडू, प्रदीप मंडल, असित मंडल, सागीर खान, इम्तियाज अंसारी, मेरी मरांडी, सफीक अंसारी, मदन मुर्मू, अनूप पांडे, लालू अंसारी, सुभाष मिर्धा, देवीसन हांसदा, इमरान अंसारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने साफ किया कि जब तक VB-G RAM G बिल वापस नहीं लिया जाता, तब तक झामुमो सड़क से लेकर सदन तक अपना आंदोलन जारी रखेगी।

