झारखंड विधानसभा बजट सत्र की शुरुआत, राज्यपाल ने उठाए कई अहम मुद्दे [Jharkhand Assembly budget session begins, Governor raises many important issues]

2 Min Read

रांची। झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने अभिभाषण में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र किया।

उन्होंने ‘मंईयां सम्मान योजना’ और ‘अबुआ आवास योजना’ के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन देने की बात कही। राज्यपाल ने यह भी बताया कि सरकार का उद्देश्य सुशासन, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठ कार्य-संस्कृति को राज्य के सभी स्तरों पर सुनिश्चित करना है।

राज्यपाल ने सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की दी जानकारी

राज्यपाल ने राज्य में भ्रष्टाचार को नियंत्रित करने के लिए सरकार द्वारा किए गए कदमों को बताया। उन्होंने बताया कि 59 भ्रष्टाचार मामलों में 42 मामलों का निपटारा किया गया है और 52 ट्रैप किए गए हैं, जिसमें 56 लोक सेवकों को गिरफ्तार किया गया।

युवाओं के रोजगार के लिए राज्य सरकार ने 46,552 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इसके अलावा, 48,504 पदों पर नियुक्ति के लिए अधिसूचना भी जारी की जा चुकी है। राज्यपाल ने यह भी बताया कि सरकार ने 1.82 लाख किसानों का 403 करोड़ रुपये का ऋण माफ किया और मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना के तहत 13 लाख 62 हजार किसानों को 477 करोड़ रुपये की राहत राशि दी।

नक्सलवाद पर काबू पाने के लिए राज्य सरकार ने 2024 में 248 नक्सलियों की गिरफ्तारी की है और 9 नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया। इसके अलावा, रांची में 163 करोड़ रुपये की लागत से ‘यूनिटी मॉल’ का निर्माण कार्य जारी है।

आगामी सत्र

विधानसभा अध्यक्ष रबिंद्रनाथ महतो ने इस सत्र के दौरान 20 बैठकें आयोजित करने की जानकारी दी और कहा कि 1 और 2 मार्च को नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें

क्या होती हैं विधानसभा की शक्तियां ?

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं