झारखंड में आचार संहिता लागू, 13 और 20 नवंबर को वोटिंग, 23 को रिजल्ट [Code of conduct implemented in Jharkhand, voting on 13th and 20th November, result on 23rd]

3 Min Read

25 नवंबर तक पूरी हो जायेगी चुनाव प्रक्रिया

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव दो चरण में होंगे। दिल्ली में निर्वाचन आयोग ने पीसी कर इसका ऐलान कर दिया है। 13 नवंबर को पहले फेज की वोटिंग होगी, जिसमें 43 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। दूसरे फेज की वोटिंग 20 नवंबर को होगी, जिसमें 38 सीट पर वोट डाले जाएंगे।

23 नवंबर को काउंटिंग होगी और नतीजे आएंगे।
चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर वोटिंग होगी। इनमें से 44 सीट जनरल, 28 एसटी और 9 एससी हैं।

25 नवंबर तक पूरी हो जायेगी चुनाव प्रक्रियाः

पहले चरण के चुनाव की अधिसूचना 18 अक्टूबर को जारी की जाएगी। दूसरे चरण की अधिसूचना 25 अक्टूबर को जारी होगी।
पहले चरण के लिए होने वाले नामांकन की जांच 28 अक्टूबर को और दूसरे चरण के नामांकन की जांच 30 अक्टूबर को होगी।

पहले चरण में नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे, जबकि दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवार 1 नवंबर तक अपना नाम वापस ले पाएंगे। पहले चरण की वोटिंग 13 नवंबर और दूसरे चरण की वोटिंग 20 नवंबर को होगी। चुनाव आयोग ने बताया कि 25 नवंबर 2024 तक चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

झारखंड में 2.6 करोड़ मतदाताः

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में वोटर्स की कुल संख्या 2.6 करोड़ है। जिनमें से 1.29 करोड़ महिला मतदाता है। वहीं पुरुष वोटर्स की संख्या1.39 करोड़ हैं। सरकार का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है।

29,562 बूथों पर होगी पोलिंगः

प्रदेश में मतदान केंद्र 29 हजार 562 हैं। इनमें से 5 हजार 42 पोलिंग स्टेशन शहरी इलाके में हैं। वहीं 24 हजार 520 ग्रामीण पोलिंग बूथ हैं। हर पोलिंग बूथ में 881 मतदाता वोट डालेंगे।

झारखंड का राजनीतिक समीकरण और चुनौतीः

झारखंड में महागठबंधन यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाली सरकार है। इसमें कांग्रेस, राजद और वाम दल शामिल हैं। भाजपा को झारखंड में सरकार बनाने के लिए संथाल परगना और कोल्हान प्रमंडल की 32 सीटों पर फोकस करना होगा।

संथाल परगना की 18 विधानसभा सीटों में से सिर्फ तीन सीटें अभी भाजपा के पास हैं। पिछले चुनाव में कोल्हान प्रमंडल की 14 विधानसभा सीटों पर तो भाजपा का खाता भी नहीं खुल पाया। जमशेदपुर पूर्वी से तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास को भी हार का सामना करना पड़ा।

इसे भी पढ़ें

झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा आज

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं