रांची : ईडी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को किसी पल गिरफ्तार कर सकती है। उनसे आज दिन डेढ़ बजे से उनके कांके रोड स्थित आवास पर पूछताछ चल रही है। सूत्रों का कहना है कि सोरेन की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं मिलने के बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार करने का फैसला कर लिया है।
ईडी ने हेमंत सोरेन के नई दिल्ली में शांति निकेतन स्थित आवास से बीते सोमवार को 36 लाख रुपए कैश, एक बीएमडब्ल्यू कार और कुछ दस्तावेज बरामद किए थे। ईडी ने उनसे इसके बारे में कई सवाल पूछे। सोरेन ने इस बात से इनकार किया कि कैश और कार उनकी है।
इसके अलावा रांची के बड़गाईं अंचल की करीब चार एकड़ जमीन के स्वामित्व को लेकर पूछे गए सवालों पर सोरेन के जवाब से ईडी के अफसर संतुष्ट नहीं हुए। सोरेन की गिरफ्तारी की भनक मिलने के साथ ही उनके आवास के बाहर हलचल बढ़ गई थी।
मुख्य सचिव एल खियांग्ते और डीजीपी अजय कुमार सिंह सहित कई आला अफसर सीएम आवास पहुंच गए थे। सीएम आवास के बाहर तैनात जवानों को अलर्ट कर दिया गया।
इसे भी पढ़ें








