Arjun Munda:
गिरिडीह। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भाजपा–झामुमो गठबंधन की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए साफ कहा है कि फिलहाल ऐसी किसी भी संभावना पर विचार नहीं किया जा रहा है। वे देवघर में होने वाले भाजपा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे और रास्ते में गिरिडीह परिसदन में रुके। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में भाजपा और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं दिखती, लेकिन राजनीति में कब क्या हो जाए, यह कहना मुश्किल है। इसलिए भविष्य को लेकर कोई भी संभावना पूरी तरह नकारा नहीं जा सकता। उनके साथ उनकी पत्नी मीरा मुंडा भी मौजूद रहीं।
अर्जुन मुंडा ने बताया:
राज्य सरकार के विकास कार्यों पर पूछे गए सवाल पर अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड सरकार के सामने अभी कई गंभीर चुनौतियाँ हैं और राज्य गठन के बाद से लोगों की कई अहम अपेक्षाएँ हैं, जिन्हें पूरा करने की दिशा में अभी काफी काम बाकी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कुछ योजनाओं पर कदम उठाए जरूर हैं, लेकिन इन योजनाओं का लाभ तब तक जनता तक नहीं पहुँच सकता जब तक इन्हें जमीन पर मजबूती और गति के साथ लागू नहीं किया जाता। पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विकास योजनाओं में तेजी लाने और आम जनता को वास्तविक लाभ दिलाने के लिए सरकार को और अधिक गंभीरता और तत्परता से काम करना होगा।

