Murder in Bihar: छुट्टी पर आए झारखंड के पुलिस हवलदार की बिहार में हत्या

2 Min Read

Murder in Bihar

रांची। झारखंड पुलिस से जुड़े एक सनसनीखेज हत्याकांड ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। झारखंड पुलिस में तैनात हवलदार पशुपति नाथ तिवारी की बिहार में छुट्टी के दौरान अज्ञात अपराधियों ने गला रेतकर हत्या कर दी। यह घटना भोजपुर जिले के आरा अंतर्गत चांदी थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव की है। मृतक हवलदार पशुपति नाथ तिवारी झारखंड के हजारीबाग जिले में चालक हवलदार के पद पर पदस्थापित थे। वे करीब एक सप्ताह पहले विभागीय अवकाश लेकर अपने पैतृक गांव आए थे। शुक्रवार रात वे अपने घर के कमरे में सो रहे थे, इसी दौरान अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल

शनिवार सुबह जब पशुपति नाथ को जगाने पहुंचे, तो कमरे में खून से लथपथ शव मिला। गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि हवलदार जनवरी 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। सूचना मिलते ही चांदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आपसी रंजिश सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हजारीबाग पुलिस जांच में जुटी

मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड और बिहार पुलिस के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। हजारीबाग पुलिस भी जांच में जुट गई है और हत्यारों की तलाश तेज कर दी गई है।

Share This Article