Metro rail in Jharkhand: झारखंड में मेट्रो रेल की आगे बढ़ रही बात, रांची, धनबाद और जमशेदपुर योजना में शामिल

3 Min Read

Metro rail in Jharkhand

रांची। झारखंड में मेट्रो रेल की बात अ आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार ने राजधानी रांची के अलावा धनबाद और जमशेदपुर में भी मेट्रो रेल परियोजना को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसका मकसद शहरों में यातायात को आसान, तेज और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है।

केंद्र की सहमति के बाद काम में आई तेजी

केंद्र सरकार की सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद रांची के लिए नया कॉम्प्रिहेन्सिव मोबिलिटी प्लान (सीएमपी) तैयार कर लिया गया है। इसके आधार पर अब अल्टरनेटिव एनालिसिस रिपोर्ट और डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन्हीं रिपोर्टों से तय होगा कि मेट्रो किन रूटों पर चलेगी और कहां एलिवेटेड या अंडरग्राउंड लाइन बनेगी।

रांची में 51 किलोमीटर से ज्यादा मेट्रो नेटवर्क का प्रस्ताव

योजना के अनुसार, रांची में करीब 51.3 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क प्रस्तावित है।
कचहरी गोल चक्कर से नयासराय तक 16.1 किमी
पहाड़टोली से नामकुम तक 13.7 किमी
कांके से तुपुदाना तक 21.5 किमी
इन रूटों से शहर के प्रमुख इलाकों को जोड़ा जाएगा। अनुमान है कि रांची मेट्रो से रोजाना 70 हजार से अधिक लोग यात्रा करेंगे।

जुडको ने जारी किया टेंडर

नए सीएमपी के आधार पर झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (जुडको) ने एएआर और डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। रिपोर्ट आने के बाद परियोजना की लागत और तकनीकी पहलुओं पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

धनबाद और जमशेदपुर में भी सर्वे शुरू

धनबाद और जमशेदपुर में मेट्रो की संभावनाओं पर भी काम आगे बढ़ रहा है। दोनों शहरों के लिए एएआर और डीपीआर तैयार करने को लेकर एजेंसी को लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस जारी किया गया है। औपचारिक समझौते की प्रक्रिया जारी है।

चरणों में पूरी होगी परियोजना

मेट्रो परियोजना को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। पहले चरण में यातायात जरूरतों का आकलन किया जाएगा, दूसरे चरण में अलग-अलग परिवहन विकल्पों की तुलना होगी और तीसरे चरण में डीपीआर के जरिए पूरी परियोजना का खाका तैयार होगा।

मेट्रो से होंगे ये फायदे

मेट्रो शुरू होने से शहरों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा, प्रदूषण घटेगा और लोगों को तेज व सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

सीएम की पहल से मिली रफ्तार

प्रधान सचिव सुनील कुमार ने बताया कि सीएम की पहल पर केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार रांची का संशोधित सीएमपी तैयार किया गया है। जल्द ही धनबाद और जमशेदपुर के लिए भी सीएमपी तैयार किया जाएगा। इसके बाद केंद्र सरकार आगे का निर्णय लेगी।

Share This Article