Maiya Samman Yojana
रांची। झारखंड सरकार ने मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए एक नई पहल की घोषणा की है। अब इस योजना की लाभार्थी महिलाओं को बैंकों के माध्यम से 20 हजार रुपये तक का लोन उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे महिलाएं छोटे-मोटे व्यवसाय शुरू कर सकेंगी और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।
यह घोषणा वित्त मंत्री ने बैंकर्स समिति के बैठक में की
यह घोषणा शनिवार को वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में की। बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), नाबार्ड और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद थे। सभी बैंकों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई और योजना को लागू करने की दिशा में सहयोग का भरोसा दिया।
वित्त मंत्री ने बताया कि इस लोन योजना को राज्य के अगले बजट में शामिल किया जाएगा। सरकार की योजना है कि मंईयां सम्मान योजना के तहत हर महीने 2500 रुपये प्राप्त कर रही महिलाओं को अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाए, ताकि वे स्वरोजगार के अवसर तलाश सकें।
क्या है मामला?
गौरतलब है कि राज्य सरकार पहले ही इस योजना के तहत महिलाओं के खातों में प्रतिमाह 2500 रुपये भेजने की शुरुआत कर चुकी है। यह योजना महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से शुरू की गई थी। अब लोन सुविधा जुड़ने से इसे और मजबूत बनाने की कोशिश की जा रही है।हालांकि, यह योजना पहले कुछ गड़बड़ियों को लेकर चर्चा में रही थी। जांच के दौरान कुछ अपात्र लोगों द्वारा लाभ लेने के मामले सामने आए थे।
सरकार का कहना है कि ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और पात्र लाभार्थियों तक ही योजना का लाभ पहुंचाने के लिए सुधार किए जा रहे हैं।सरकार को उम्मीद है कि यह नई पहल महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाएगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगी।


















