Jharkhand liquor scam: 2024 में फर्जी BG देनेवाले मार्शन को फिर 2025 में दिया गया टेंडर

3 Min Read

Jharkhand liquor scam

रांची। झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले में आये दिन नये-नये खुलासे हो रहे हैं। इस मामले की जांच कर रही ACB ने एक और चौंकाऊ खुलासा किया गया है। जांच एजेंसी के मुताबिक झारखंड स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JSBCL) और राज्य आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को करोड़ों रुपये की फर्जी बैंक गारंटी की जानकारी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने न केवल चुप्पी साधे रखी बल्कि फर्जी BG देने वाली एजेंसी को संरक्षण भी दिया।

बंधन बैंक ने दी थी अधिकारियों को जानकारी, फिर भी रहे चुपःअब तक मिले सबूत यह बताते हैं कि मार्शन इनोवेटिव सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड एजेंसी ने 5,02,07,576 रुपये (पांच करोड़ दो लाख सात हजार पांच सौ छिहत्तर रुपये) की बैंक गारंटी जमा की थी।

लेकिन, बंधन बैंक (गीता कॉलोनी शाखा, दिल्ली) ने 2 मार्च 2024 को ही स्पष्ट कर दिया था कि बैंक गारंटी संख्या 2023FBG020010105 जो 08 दिसंबर 2023 को जारी दिखाई गई थी पूरी तरह फर्जी है। बैंक ने आधिकारिक तौर पर JSBCL को सूचित भी किया था कि उनके द्वारा ऐसी कोई गारंटी जारी नहीं की गई है और इस मामले में आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है।

हैरान करने वाली बात यह है कि मार्च 2024 में बैंक द्वारा पुष्टि किए जाने के बावजूद JSBCL और आबकारी विभाग के अधिकारियों ने आरोपी एजेंसी मार्शन इनोवेटिव के खिलाफ कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं किया, जबकि नियमों के मुताबिक ऐसी धोखाधड़ी करने वाली एजेंसी को तुरंत ब्लैकलिस्ट किया जाना चाहिए था। लेकिन, इसके उलट विभाग ने उसे काम जारी रखने की अनुमति दी।

बैंक ने किया था फर्जीवाड़े की ओर इशाराः

बंधन बैंक के प्रधान कार्यालय (कोलकाता) ने 17 मार्च 2025 के अपने पत्र (BBL/CB0/2024-25/3113) में भी इस फर्जीवाड़े की ओर इशारा किया था। फिर भी विभाग ने एजेंसी को काली सूची में डालने के बजाय कानूनी राय लेने का बहाना बनाकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। फर्जीवाड़े की पुष्टि होने के एक साल बाद भी, 18 मार्च 2025 को लेटर नंबर 2078/BG-रिन्यूअल/10105/2024-25 के जरिए उक्त एजेंसी की वैधता को 30 अप्रैल 2025 तक बढ़ा दिया गया।

Share This Article
Exit mobile version