Jharkhand liquor sales increase
रांची। पूरा देश नए साल के जश्न में डूबा है। इस बार तो नए साल के जश्न के दौरान झारखंड में शराब की बिक्री ने पिछले साल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। 30 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच राज्यभर में करीब 65 से 70 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 5 करोड़ रुपये अधिक है। झारखंड शराब व्यापारी संघ के प्रदेश महासचिव सुबोध कुमार जायसवाल ने बताया कि उठाव के अनुरूप शराब की बिक्री नहीं हो पायी, लेकिन इसके बावजूद कुल कारोबार में बढ़ोतरी दर्ज की गई। आपको बता दें कि सबसे अधिक शराब की बिक्री 31 दिसंबर को हुई। इस दिन राज्यभर में लगभग 30 करोड़ रुपये की शराब बिकी, जो 31 दिसंबर 2024 की तुलना में करीब ढाई करोड़ रुपये ज्यादा है।
पिछले साल लगभग 27.52 करोड़ की शराब बिक्री
पिछले साल 31 दिसंबर को लगभग 27.52 करोड़ रुपये की बिक्री हुई थी। वहीं इस साल 30 दिसंबर को करीब 16 करोड़ रुपये की शराब बिकी। केवल दो दिनों में ही 46 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की गयी। 1 जनवरी को भी नए साल के जश्न का असर देखने को मिला। इस दिन करीब 18 से 19 करोड़ रुपये की शराब बिक्री का अनुमान है। इस तरह तीन दिनों में कुल बिक्री करीब 65 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। राजधानी रांची की बात करें तो यहां 30 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच करीब 10 करोड़ रुपये की शराब बिकी। नए साल को देखते हुए जिले में दो दर्जन से अधिक अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए थे। इसके अलावा लगभग 30 बार और रेस्टोरेंट को एक्सटेंशन काउंटर की अनुमति दी गई, जिसके तहत निर्धारित समय से दो घंटे अधिक शराब बिक्री की छूट दी गई थी। इन व्यवस्थाओं का सीधा असर शराब की बिक्री पर देखने को मिला।







