Australia Jharkhand trade
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन से झारखंड दौरे पर आए भारत में ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ओएएम ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात की। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस शिष्टाचार भेंट में झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करने, विभिन्न क्षेत्रों में परस्पर सहयोग बढ़ाने तथा निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
निवेश और औद्योगिक संभावनाओं पर चर्चा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल को झारखंड के समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों, औद्योगिक क्षमताओं और राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रम आधारित अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रही है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को अहम मानती है। हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ने इस दिशा में सहयोग और साझा प्रयासों के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया।
खनन क्षेत्र में समानताएं और भूमि पुनर्विकास नीति
बैठक में खनन क्षेत्र को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई। हाई कमिश्नर ने बताया कि झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खनन से जुड़ी कई समानताएं हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में अपनाई जा रही सुरक्षित खनन तकनीकों और उच्च खान सुरक्षा मानकों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया की उस नीति की सराहना की, जिसके तहत खनन के बाद भूमि का पुनर्विकास कर उसे स्थानीय समुदायों को वापस किया जाता है। उन्होंने कहा कि झारखंड में भी ऐसी नीतियां मौजूद हैं, लेकिन उनके प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता है।
जनजातीय समुदायों के विकास पर जोर
बैठक में जनजातीय समुदायों के सामाजिक और आर्थिक विकास पर भी विचार-विमर्श हुआ। हाई कमिश्नर ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में भी बड़ी संख्या में जनजातीय आबादी है और उनके विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में आदिवासी समुदायों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है। इस बैठक में विधायक कल्पना सोरेन सहित ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

