रांची। पूरा झारखंड घने कोहरे की चपेट में है। कई जिलों में बारिश की भी संभावना है। सर्द हवा और कोहरे के कारण ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने इस लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है। राजधानी रांची में सुबह से ही घना कोहरा छाया है।
धुंध ने पूरे शहर को ढक रखा है। दोपहर 12 बजे तक भी धूप नहीं निकली। कई जिलों में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कहीं बादल दिखे तो, कहीं धुंध और कोहरे ने घने बादलों को छिपा लिया।
राज्य में अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होगी। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। 19 जनवरी से सुबह में कोहरे, धुंध के बाद आंशिक बादल छाए रहेंगे। मौसम शुष्क रहेगा।
ऐसी स्थिति 19 से 23 जनवरी तक रहने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री और न्यूनतम 10 से 11 डिग्री के बीच रहेगा। 23 जनवरी तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है, उसके बाद थोड़ी कमी आने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में मौसम के मिजाज को देखें तो राज्य में मौसम शुष्क रहा है। सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम में 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, वहीं सबसे कम तापमान गुमला में 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
न्यूनतम तापमान में राज्य के कुछ हिस्सों में थोड़ी बढ़त दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने संभावना जाहिर की है कि कुछ दिनों में इसमें और बढ़त आ सकती है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जाहिर की है। कल भी राज्य के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। बारिश के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। राज्य के मध्य और पूर्वी भागों में आज बारिश की संभावना है।
राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। तापमान में अचानक बढ़त के बाद उसमें थोड़ी गिरावट आ सकती है।
इसे भी पढ़ें









