Himalayan snowfall in Jharkhand: हिमालय की बर्फबारी से झारखंड कांप रहा, न्यूनतम पारा 3°C तक गिरेगा

2 Min Read

Himalayan snowfall in Jharkhand:

रांची। झारखंड में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है, जिसका मुख्य कारण हिमालय पर हो पही बर्फबारी है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं। पश्चिमी विक्षोभ का असर राज्य में साफ दिखाई दे रहा है, जिससे तापमान लगातार नीचे जा रहा है।

अभी और गिरेगा पाराः

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, राज्य में अभी यह सर्दी की शुरुआत है और आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा। हालांकि अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। उसके बाद राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को सर्दी का सितम झेलना पड़ेगा।

आईएमडी के अनुसार न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है, जिसमें गुमला राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चाईबासा में भी दिन का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर पाकिस्तान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाओं के संयुक्त प्रभाव के कारण झारखंड में ठंड बढ़ रही है।

सुबह में कोहरा व धुंध का कहरः

रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और गिरिडीह जैसे क्षेत्रों में ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा। 9 से 12 दिसंबर तक सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा या धुंध छाया रहेगा, जबकि दिन में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राज्य में 14 दिसंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।

Share This Article