Jharkhand High Court silver jubilee celebrations: झारखंड हाई कोर्ट का सिल्वर जुबिली समारोह आज, परिसर दुल्हन की तरह सजा

Anjali Kumari
2 Min Read

Jharkhand High Court silver jubilee celebrations:

रांची। झारखंड उच्च न्यायालय का सिल्वर जुबिली समारोह 15 नवंबर को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। मुख्य समारोह सुबह 11:30 बजे हाई कोर्ट परिसर में होगा, जबकि शाम 7:30 बजे ज्यूडिशियल एकेडमी में सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह रखा गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के भावी मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत मुख्य अतिथि होंगे। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट के कई जज और 10 राज्यों के हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस भी शामिल होंगे। सभी न्यायाधीशों ने कार्यक्रम में आने की स्वीकृति दे दी है।

परिसर जगमगाया, सुरक्षा कड़ी:

सिल्वर जुबिली को देखते हुए हाई कोर्ट परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। रंग-बिरंगी लाइटें पूरे भवन और परिसर को जगमगाती हुई विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हैं। वीवीआईपी आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा ने बताया कि सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। 165 एकड़ में फैले इस हाई कोर्ट परिसर की भव्यता ही अपने आप में अनूठी है। 550 करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन में 30 हजार वर्गफुट की हाई-टेक लाइब्रेरी, 500 सीसीटीवी कैमरे और 25 वातानुकूलित कोर्ट रूम मौजूद हैं।

सिल्वर जुबिली समारोह के साथ झारखंड हाई कोर्ट नई उपलब्धियों और गौरव के 25 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है।

Share This Article