Jharkhand IPS Promotion
रांची। झारखंड पुलिस के आठ अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में प्रमोशन मिल गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 9 दिसंबर 2025 को अधिसूचना जारी करते हुए यह जानकारी दी। यह प्रमोशन Indian Police Service (Appointment by Promotion) Regulations, 1955 के तहत किया गया है। इससे झारखंड कैडर में IPS पदों पर लंबित रिक्तियों को भरने का मार्ग साफ हो गया है।
इन आठ अधिकारियों को मिला प्रमोशन
अधिसूचना के अनुसार, निम्नलिखित अफसरों को IPS में प्रमोट किया गया है—
- शिवेंद्र
- राधा प्रेम किशोर
- मुकेश कुमार महतो
- दीपक कुमार
- मंजरुल होदा
- राजेश कुमार
- रौशन गुड़िया
- श्रीराम समद
ये सभी अधिकारी अब प्रमोशन के बाद झारखंड कैडर में उपलब्ध आठ रिक्त पदों को भरेंगे।
तीन नाम प्रोविजनली शामिल
सूची में शामिल तीन नाम शिवेंद्र, राधा प्रेम किशोर और मुकेश कुमार महतो को फिलहाल प्रोविजनल तौर पर शामिल किया गया है। इसका मतलब है कि इन अधिकारियों की अंतिम नियुक्ति तभी होगी जब
- उनके खिलाफ लंबित किसी भी आपराधिक या विभागीय मामले की जांच पूरी हो जाए,
- राज्य सरकार द्वारा उपयुक्तता/सतर्कता प्रमाण पत्र जारी किया जाए।
गृह मंत्रालय ने साफ कहा है कि चयन सूची में नाम आने के बावजूद अंतिम नियुक्ति UPSC की औपचारिक अनुशंसा, राज्य सरकार की ईमानदारी रिपोर्ट और लंबित मामलों के निपटारे के बाद ही होगी।
बैठक में हुई थी सूची की मंजूरी
अधिसूचना के अनुसार, UPSC ने 8 दिसंबर 2025 को हुई बैठक में वर्ष 2022 और 2023 की सेलेक्ट लिस्ट को स्वीकृति दी। इसके बाद यह प्रमोशन प्रक्रिया पूरी की गई। केंद्र सरकार के इस फैसले से झारखंड पुलिस बल में वरिष्ठ IPS पदों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी और राज्य की कानून-व्यवस्था व्यवस्था और मजबूत होगी।








