DGP Anurag Gupta: झारखंड के DGP अनुराग गुप्ता ने दिया इस्तीफा, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

Anjali Kumari
3 Min Read

DGP Anurag Gupta:

रांची। झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग गुप्ता ने मंगलवार की देर शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि देर रात तक सरकार की ओर से उनके इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। सूत्रों के मुताबिक, उनके उत्तराधिकारी के रूप में आईपीएस अधिकारियों प्रशांत सिंह और एम.एस. भाटिया के नामों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

मंगलवार शाम से ही पुलिस मुख्यालय और प्रशासनिक गलियारों में इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई थीं। रात करीब साढ़े सात बजे डीजीपी कार्यालय में अचानक हलचल बढ़ी और कुछ देर बाद अनुराग गुप्ता खुद वहां पहुंचे। इसके बाद वे मुख्यमंत्री आवास गए, जहां कुछ समय रुकने के बाद घर लौट आए। इसी के बाद उनके इस्तीफे की खबर फैल गई।

सरकार की ओर से कोई प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं:

अब तक सरकार की ओर से न तो कोई प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है और न ही अनुराग गुप्ता ने सार्वजनिक रूप से अपने इस्तीफे की पुष्टि की है। सूत्रों का कहना है कि वे पिछले कुछ समय से आंतरिक दबाव और विभागीय मतभेदों के चलते परेशान थे, जिसके कारण उन्होंने इस्तीफा देने का फैसला लिया।

फरवरी 2025 में अनुराग गुप्ता को झारखंड का नियमित डीजीपी नियुक्त किया गया था, जिनका कार्यकाल फरवरी 2027 तक तय था। शुरुआत में उन्हें एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और सीआईडी का अतिरिक्त प्रभार भी मिला था, लेकिन सितंबर में सरकार ने एसीबी का प्रभार उनसे वापस ले लिया, जिसके बाद से उनके पद से हटाए जाने की चर्चा शुरू हो गई थी।

अनुराग गुप्ता का पुलिस करियर लंबा और घटनापूर्ण रहा है। वर्ष 2022 में उन्हें डीजी रैंक में प्रोन्नति मिली थी। 26 जुलाई 2024 को उन्हें प्रभारी डीजीपी बनाया गया था, लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग के निर्देश पर हटा दिया गया। बाद में हेमंत सोरेन सरकार की वापसी के बाद 28 नवंबर 2024 को उन्हें फिर से डीजीपी नियुक्त किया गया और 3 फरवरी 2025 को नियमित रूप से इस पद पर पुष्टि मिली। सूत्रों के अनुसार, अनुराग गुप्ता के इस्तीफे के बाद झारखंड पुलिस नेतृत्व में बदलाव तय माना जा रहा है। सरकार जल्द ही नए डीजीपी की औपचारिक घोषणा कर सकती है।

इसे भी पढ़ें

DGP Anurag Gupta: झारखंड डीजीपी नियुक्ति नियमावली पर सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला, 27 अक्टूबर को होगी सुनवाई

Share This Article