Thegan Miyan Maoist: कौन है माओवादी ठेगन मियां, जिसकी तलाश में झारखंड–बिहार पुलिस?

Juli Gupta
2 Min Read
isolated dark male silhouette in the shadow, studio portrait

Thegan Miyan Maoist:

पलामू। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के सक्रिय कमांडर ठेगन मियां की तलाश में झारखंड और बिहार पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। ठेगन मियां पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत घंघरी इलाके का निवासी बताया जा रहा है और वह ऑटोमेटिक हथियारों के साथ दस्ते में सक्रिय भूमिका निभाता है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, झारखंड-बिहार सीमा क्षेत्र में बचे तीन टॉप माओवादी कमांडरों में ठेगन मियां का नाम प्रमुख रूप से शामिल है। वह 15 लाख रुपये के इनामी माओवादी नितेश यादव के दस्ते में कमांडर के तौर पर काम कर रहा है। पलामू पुलिस का कहना है कि ठेगन मियां पर जिले में आधा दर्जन से अधिक नक्सली हमलों में शामिल होने का आरोप है। इन्हीं तथ्यों के आधार पर उसके खिलाफ इनाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

2018 के बाद माओवादी दस्ते में हुआ शामिल

पुलिस के अनुसार ठेगन मियां वर्ष 2018 के बाद भाकपा माओवादी संगठन में सक्रिय रूप से शामिल हुआ। उसका नाम पहली बार छतरपुर थाना क्षेत्र के महूदंड रोड पर हुई आगजनी की घटना के बाद सामने आया था। इसके बाद वह कई मुठभेड़ों और नक्सली वारदातों में शामिल पाया गया। वर्ष 2025 में पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़, जिसमें एरिया कमांडर तुलसी भुईयां मारा गया था, उस घटना में भी ठेगन मियां की संलिप्तता बताई गई है।

पुलिस का सख्त रुख

पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि नक्सलियों से लगातार आत्मसमर्पण की अपील की जा रही है, लेकिन साथ ही सक्रिय माओवादियों के खिलाफ सख्त अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ठेगन मियां जैसे वांछित नक्सलियों पर शिकंजा कसने के लिए सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा या वह आत्मसमर्पण के लिए मजबूर होगा।

Share This Article