Gangster Prince Khan
रांची। कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का एक धमकी भरा वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह खुद को दुबई से बोलते हुए बता रहा है और बोकारो के कारोबारी सुरेश सिंह को खुली धमकी दे रहा है। इसके साथ ही उसने एसएसपी के नाम भी चेतावनी भरा संदेश दिया है।
वायरल वीडियो में गैंगस्टर ने दावा किया है कि बोकारो में सुरेश सिंह की बीएमडब्ल्यू कंपनी की साइडिंग पर हुए दो बम हमलों के पीछे उसी का हाथ है। उसने कहा कि यह हमला सिर्फ चेतावनी देने के लिए कराया गया था। अगर इसके बाद भी उसकी बात नहीं मानी गई तो अगली बार सीधा हमला किया जाएगा। हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
SSP के नाम दी चेतावनी
वीडियो में प्रिंस खान ने एसएसपी के नाम संदेश देते हुए कहा कि वह रेलवे से जुड़े कारोबार पर कब्जा कर रहा है और जो रंगदारी पहले फहीम खान लिया करता था, वही काम अब वह अपने हाथ में ले रहा है। उसने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर उसके काम में दखल दिया गया तो वह पूरे झारखंड को बंद करवा सकता है। गैंगस्टर ने यह भी कहा कि वर्ष 2022 में धनबाद बंद के दौरान करीब 500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। इस बार हमको परेशान करियेगा तो पूरा झारखंड बंद करा देंगे
डॉक्टरों और कारोबारियों को निशाना बनाने की धमकी
वीडियो में उसने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसके गिरोह के लोगों को गोली मारी गई या गंभीर नुकसान पहुंचाया गया तो वह इसका जवाब हिंसक तरीके से देगा। उसने धमकी दी कि धनबाद से लेकर रांची तक के नामी-गिरामी डॉक्टरों को निशाना बनाया जाएगा। उसने कहा आप हमारे आदमी के पैर पर गोली मारेंगे तो हम डॉक्टर के खोपड़ी पर गोली मारेंगे।
पुलिस अलर्ट मोड में
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। सुरक्षा एजेंसियां वायरल वीडियो की जांच कर रही हैं और इसकी सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और वायरल वीडियो के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस धमकी के बाद इलाके के व्यापारियों और आम लोगों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।








