Ranchi Crime: अनगड़ा में दिनदहाड़े 26 लाख की ज्वेलरी लूट, CCTV में कैद आरोपी

2 Min Read

Ranchi Crime

रांची। रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में एक बड़ी लूट की घटना हुई जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। गोंदलीपोखर बाजार स्थित रुचि ज्वेलर्स के मालिक शेखर सोनी से लगभग 26 लाख रुपये के सोने–चांदी के गहने और 60 हजार रुपये नकद लूट लिए गए।

यह वारदात सुबह करीब 10 बजे उस समय हुई जब शेखर सोनी दुकान खोलकर गहनों से भरा झोला रैक पर रख रहे थे। इसी दौरान एक युवक दुकान में दाखिल हुआ और झोला झपटकर बाहर निकल गया। दुकान के बाहर उसका साथी पहले से बाइक पर हेलमेट लगाए इंतजार कर रहा था। दोनों कुछ ही सेकंड में झोला लेकर रांची की ओर फरार हो गए।

CCTV कैमरे में लूट की वारदात रिकॉर्ड

दुकान में लगे CCTV कैमरे में लूट की पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में झोला छीनने वाले युवक का चेहरा साफ नजर आ रहा है। उससे पहले उसे दुकान के बाहर खड़े होकर मोबाइल पर बात करते हुए भी देखा गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस की जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज जब्त की और इलाके में वाहनों की चेकिंग भी शुरू कर दी है। हालांकि अब तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में दहशत का माहौल है। उन्होंने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को कमजोर बताते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Share This Article