Rahul Dubey gang
रांची। रांची से एक सनसनीखेज रंगदारी का मामला सामने आया है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाले बिल्डर राफे कमाल को कुख्यात राहुल दुबे गैंग के नाम पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी देने की धमकी मिली है। पैसे नहीं देने पर दो दिन के भीतर जान से मारने की चेतावनी दी गई है। पीड़ित ने इस संबंध में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एफआईआर के अनुसार
एफआईआर के अनुसार, राफे कमाल की पंडरा इलाके में स्थित जमीन को लेकर बीते कुछ समय से दबाव बनाया जा रहा था। 6 जनवरी को जब वह अपनी जमीन पर पहुंचे, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने खुद को राहुल दुबे गैंग और अमन साहू गैंग से जुड़ा बताया और किसी भी तरह का निर्माण कार्य करने से रोक दिया। आरोप है कि जमीन छोड़ने और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
राहुल दुबे गैंग का प्रकाश शुक्ला बताते हुए पांच करोड़ की मांग
इसी दिन शाम को राफे कमाल के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को राहुल दुबे गैंग का प्रकाश शुक्ला बताते हुए पांच करोड़ रुपये की मांग की। संदेश में यह तक लिखा गया कि रकम नहीं देने पर उन्हें उसी जमीन पर दफन कर दिया जाएगा। मामला यहीं नहीं रुका। 17 जनवरी को उनके भाई की रेकी करते हुए एक वीडियो बनाकर भेजा गया, जिससे परिवार पूरी तरह सहम गया। लगातार धमकियों से डरे राफे कमाल ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई।
पुलिस की जांच शुरू
पुलिस ने मामले में कांड संख्या 22/2025 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वालों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हाल के दिनों में राजधानी और आसपास के इलाकों में रंगदारी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।







