Rape in Palamu
पलामू। पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। महिला बच्चे का इलाज कराने गई थी। जहां क्लिनिक संचालक झोलाछाप डाक्टर ने इलाज के बहाने उसके साथ बदफेली की। मामला दर्ज होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्लीनिक संचालक को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। जिले की एसपी रिष्मा रमेशन ने सोमवार को घटना की पुष्टि की।
पति रहता है बाहरः
घटना छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हुटुकदाग गांव में हुई। पति के लगातार बाहर रहने के कारण महिला अपने ससुराल नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में रहती है। उसका बच्चा बीमार था। इलाज कराने के लिए हुटुकदाग स्थित संजय कुमार के क्लिनिक में गई थी।
भांप देने के बहाने मकान में ले गयाः
संजय कुमार ने बच्चे को सर्दी बताकर भांप देने के बहाने महिला को क्लिनिक से सटे मकान में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि दुष्कर्म के बाद क्लिनिक संचालक संजय कुमार ने धमकी दी। इसके बावजूद पीड़िता ने छतरपुर थाना में शिकायत की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित नौडीहा बाजार के रबदा निवासी संजय कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।







