Palamu wedding firing
पलामू। झारखंड के पलामू जिले में एक शादी समारोह उस समय तनावपूर्ण हो गया जब जयमाला कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में गोली चल गई। इस घटना में दूल्हे का एक दोस्त घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना Lesliganj थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव की बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जयमाला के दौरान स्टेज पर चढ़ने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार गढ़वा जिले के कोटाम गांव से बारात नौडीहा गांव पहुंची थी। शादी समारोह में जयमाला की रस्म चल रही थी। इसी दौरान दूल्हे के कुछ दोस्त स्टेज पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जिससे दुल्हन पक्ष के लोगों के साथ कहासुनी हो गई।देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच बहस और हल्की मारपीट की स्थिति बन गई। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन थोड़ी देर बाद स्थिति फिर से बिगड़ गई।
कार में बैठे युवक को उतारकर मारी गोली
बताया जा रहा है कि विवाद के कुछ समय बाद दूल्हे का दोस्त कमल चौधरी कार में बैठा हुआ था। इसी बीच आरोपी वहां पहुंचा और उसे कार से नीचे उतार दिया। इसके बाद आरोपी ने कमल चौधरी के पैर में गोली मार दी।गोली लगते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
आरोपी पारा शिक्षक, पुलिस कर रही जांच
पुलिस के अनुसार गोली चलाने वाला आरोपी दुल्हन पक्ष का बताया जा रहा है और वह पेशे से पारा शिक्षक है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।थाना प्रभारी ने बताया कि जयमाला स्टेज पर चढ़ने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह घटना घटी। फिलहाल घायल युवक का इलाज चल रहा है और पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।






