Rape in Bokaro
बोकारो। बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत चरगी पंचायत के रुकम गांव में एक आदिवासी नाबालिग से रेप का मामला सामने आया है। रेप का आरोप भारत माला प्रोजेक्ट के तहत सड़क निर्माण कार्य में लगी एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के वाहन चालक पर लगा है।
बिहार का रहनेवाला है आरोपी
सर्किल इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले जीतेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है।
सूने घर का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, पीड़िता के माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। वे रोज की तरह काम पर गए हुए थे। बच्ची घर के बाहर अकेली खेल रही थी। आरोपी जीतेंद्र यादव अक्सर पीड़िता के घर के पास स्थित कुएं से पानी भरने आता-जाता था।
उसने घर को सूना और माहौल को एकांत पाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। शाम को जब माता-पिता काम से लौटे, तो उन्होंने अपनी मासूम बच्ची को बदहवास और रोते हुए पाया। पूछने पर बच्ची ने सिसकते हुए अपने साथ हुई दरिंदगी की पूरी बात बताई।
शिनाख्त के बाद पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए तत्काल इसकी सूचना निर्माण कंपनी के अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस के निर्देश पर कंपनी में काम करने वाले सभी चालकों को एक कतार में खड़ा किया गया, जहां पीड़िता ने बिना किसी हिचकिचाहट के आरोपी जीतेंद्र यादव की पहचान कर ली। पुलिस ने बिना देरी किए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
पीड़िता के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं व पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में तेनुघाट कारागार भेज दिया गया है। इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।












