Dowry death in Bodam: बोड़ाम में दहेज के लिए विवाहिता की जलाकर हत्या, पति-ससुराल पक्ष पर FIR

3 Min Read

Dowry death in Bodam

बोड़ाम। दहेज की आग में जाने कितनी महिला जल कर खाक हुई है, लेकिन अब तक ये आग शांत नहीं हुआ है। ऐसा ही एक मामला पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र के मुकरुडीह गांव से सामने आया है। जिसमें दहेज के लिए एक विवाहिता को जला कर मार दिया गया। इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

मृतका की पहचान मुकरुडीह निवासी पिंकी दास के रूप में हुई है। पिंकी की मां मंगला दास, जो तमाड़ थाना क्षेत्र के हुंडी गांव की रहने वाली हैं, की तहरीर पर बोड़ाम थाना में मामला दर्ज किया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पिंकी को उसके पति विश्वनाथ दास, ससुर गोराचांद दास और सास द्रौपदी दास द्वारा लगातार दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था।

क्या है मामला?

परिजनों के अनुसार पिंकी ने कई बार अपने माता-पिता को फोन कर मारपीट और दहेज प्रताड़ना की जानकारी दी थी। बताया जा रहा है कि 10 दिसंबर की सुबह दहेज को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने पिंकी को जला कर मारने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद पिंकी को पहले टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 10 दिनों तक उसका इलाज चला। बाद में बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किए जाने पर परिजनों ने उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

चार साल पहले हुई थी शादी

पिंकी की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और उसका एक तीन वर्षीय बेटा है। बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी जाती और महिला का बयान दर्ज हो पाता, तो वह मामले में अहम साक्ष्य बन सकता था।

Share This Article