Land scam case:
रांची। निलंबित आईएएस अफसर विनय कुमार चौबे से हजारीबाग में लैंड स्कैम मामले में पूछताछ होगी। इसके लिए एसीबी की टीम विनय चौबे को हजारीबाग ले गई है। एसीबी हजारीबाग की टीम सोमवार को उन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर हजारीबाग गई है। चौबे, फिलहाल रिम्स के मेडिकल वार्ड में भर्ती थे। उन्हें एसीबी की टीम ने वहीं से रिमांड पर लिया है। एसीबी ने उन्हें वन भूमि घोटाले से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
वन भूमि घोटाले में नामजद आरोपी हैं चौबेः
एसीबी हजारीबाग थाने के कांड संख्या 11/25 के तहत दर्ज प्राथमिकी के मामले में विनय चौबे के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। यह प्राथमिकी 25 सितंबर को दर्ज की गई थी।
इस मामले में विनय चौबे के अलावा, उनके कथित करीबी नेक्सजेन ऑटोमोबाइल के संचालक विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह भी नामजद आरोपी हैं।
लगातार बढ़ रही हैं मुश्किलें:
निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. शराब घोटाले में गिरफ्तारी के बाद, वे अब जमीन घोटाले में जेल में हैं. एसीबी ने खासमहाल जमीन घोटाला और वन भूमि घोटाले में भी प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें चौबे आरोपी हैं.
इसके अतिरिक्त, आय से अधिक संपत्ति का मामला भी दर्ज किया गया है, साथ ही 24 नवंबर को विनय चौबे के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की है. इस नई प्राथमिकी में उनके रिश्तेदारों और दोस्त विनय सिंह समेत सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. प्राथमिकी में भ्रष्टाचार करने और इसके जरिये अकूत संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए गए हैं.



