khunti crime
रांची। झारखंड के खूंटी जिले में एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। अड़की थाना क्षेत्र की लगभग 40 वर्षीय विवाहिता का खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। महिला के पति के दो साल से जेल में बंद होने के कारण वह अपने तीन बच्चों के साथ खूंटी सदर थाना क्षेत्र में किराए के घर में रहकर मजदूरी कर जिंदगी चला रही थी।
रिश्ते का दबाव, इनकार पर हुई हत्या
पुलिस के अनुसार इसी दौरान एक युवक उससे परिचित हुआ, जिसने पहले मदद का भरोसा दिया, लेकिन बाद में उसकी नीयत बदल गई। युवक ने महिला पर जबरन संबंध बनाने और साथ रहने का दबाव डालना शुरू कर दिया। महिला ने कई बार विरोध किया और परेशान होकर बच्चों को लेकर ठिकाना भी बदल लिया, ताकि आरोपी से दूरी बना सके।घरवालों का आरोप है कि आरोपी ने उसे फिर खोज निकाला और दुबारा दबाव डाला। जब महिला ने कड़े शब्दों में इनकार किया, तो युवक बुरी तरह उग्र हो गया। उसने महिला पर बेरहमी से पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
परिजनों की शिकायत पर जांच तेज
मृतका की मां ने अड़की थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना ने पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश पैदा कर दिया है।
खूंटी में बढ़ते अपराध पर सवाल
महिला की हत्या से तीन दिन पहले मुरहू थाना क्षेत्र में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सीनू पूर्ति की निर्मम हत्या कर शव के टुकड़े अलग-अलग जगह दफनाने की वारदात सामने आई थी। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से शव के टुकड़े बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सीनू की हत्या को पुरानी रंजिश से जुड़ा पाया गया।इन दो लगातार हुई घटनाओं ने खूंटी जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी दोनों बढ़ी है।







