Jharkhand police drug seizure
रांची। झारखंड राज्य को नशामुक्त बनाने के अभियान में झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चतरा पुलिस ने गिद्धौर थाना क्षेत्र के निवासी राजेश कुमार उर्फ राजेश दांगी की अवैध संपत्ति जब्त की। यह पहली बार है जब राज्य में किसी नशा तस्कर की इतनी बड़ी चल और अचल संपत्ति को जब्त किया गया।
जांच में खुलासा
जांच में पता चला कि आरोपी ने अफीम के अवैध कारोबार से भारी संपत्ति अर्जित की थी। पुलिस ने रांची के गाड़ीगांव में तीन मंजिला मकान और करकट शीट का मकान, तथा आरोपी के पांच बैंक खातों की राशि फ्रीज कर दी। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 87.92 लाख रुपये है। इसके अलावा 86.539 किलोग्राम अफीम और 5.259 किलोग्राम ब्राउन शुगर समेत अन्य नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए।
146 अपराधकर्मियों के खिलाफ निगरानी प्रस्ताव को मंजूरी
राज्य में अपराध नियंत्रण के लिए 146 अपराधकर्मियों के खिलाफ निगरानी प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। वर्ष 2025 में विशेष छापेमारी अभियानों के तहत 26 नक्सलियों और उनके चार समर्थकों की गिरफ्तारी, 28 हथियार, 2840 जिंदा कारतूस और दो आईईडी बरामद किए गए। यह कदम राज्य में नशा और नक्सलियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की दिशा में एक अहम सफलता माना जा रहा है।







