Koderma children missing
कोडरमा। इन दिनों लगातार बच्चों के गायब होने से पूरे झारखंड में डर का माहौल है। माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल तक भेजने से कतरा रहें हैं। इसी बीच एक बार फिर कोडरमा जिले के जयनगर प्रखंड की खरियोडीह पंचायत अंतर्गत गड़ियाई बिरहोर टोला से 10 बच्चों के लापता होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए व्यापक तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
क्या है मामला?
स्थानीय मुखिया राजेंद्र यादव के अनुसार, 1 फरवरी की रात गांव के लोग परसाबाद में आयोजित एक श्राद्ध भोज में शामिल होने गए थे। लौटते समय पता चला कि उनके साथ गए 10 बच्चे घर नहीं पहुंचे। अगले दिन परिजनों ने इस बारे में मुखिया को सूचना दी, जिसके बाद पहले गांव स्तर पर खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस प्रशासन को मामले से अवगत कराया गया।
आसपास के इलाकों में तलाश शुरू
सूचना मिलते ही एसपी अनुदीप सिंह ने प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार के नेतृत्व में तिलैया और चंदवारा थाने की पुलिस टीमों को मौके पर भेजा। पुलिस ने पीड़ित परिवारों से पूछताछ कर बच्चों के बारे में जानकारी जुटाई और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू कर दी।
पुलिस को आशंका
पुलिस को आशंका है कि बच्चे परसाबाद से यदुडीह हॉल्ट की ओर लौटते समय गलती से ट्रेन का उल्टा रूट पकड़कर धनबाद की दिशा में चले गए होंगे। इस दिशा में जांच के लिए आसपास के सभी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज मंगवाए जा रहे हैं। बच्चों के लापता होने की खबर से गांव में चिंता का माहौल है। परिजन हर संभव जगह तलाश कर रहे हैं और पुलिस ने जल्द बच्चों को सुरक्षित ढूंढ लेने का भरोसा दिलाया है।

















