Drug racket busted in Ranchi: रांची में इंटरनेशनल ड्रग रैकेट का खुलासा, करोड़ों की एलएसडी जब्त

3 Min Read

Drug racket busted in Ranchi

रांची। झारखंड की राजधानी Jharkhand के रांची में पहली बार विदेशी एलएसडी (LSD) की बड़ी खेप बरामद होने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के पंडरा ओपी इलाके में छापेमारी कर करोड़ों रुपये मूल्य की एलएसडी जब्त की है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह ड्रग्स नीदरलैंड से मंगाई गई थी और इसे कुरियर के जरिए रांची पहुंचाया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर में विदेशी ड्रग्स की सप्लाई की जा रही है, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई।

3 से 4 करोड़ रुपये आंकी जा रही कीमत

सूत्रों के मुताबिक बरामद एलएसडी की बाजार में कीमत करीब 3 से 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है। एलएसडी बेहद महंगी और खतरनाक सिंथेटिक ड्रग मानी जाती है। बताया जा रहा है कि इसके एक माइक्रो डॉट की कीमत लाख रुपये से अधिक हो सकती है। यही वजह है कि यह ड्रग आमतौर पर बड़े शहरों और हाई-प्रोफाइल सर्किल में खपाई जाती है।

कुरियर नेटवर्क के जरिए हो रही थी सप्लाई

जांच में सामने आया है कि ड्रग्स की खेप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित नेटवर्क के माध्यम से भेजी जा रही थी। कुरियर सेवा का इस्तेमाल कर इसे स्थानीय स्तर पर वितरित किया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के तार किन-किन राज्यों और देशों से जुड़े हैं।

पहली बार बरामद हुई एलएसडी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार रांची में इस तरह की विदेशी और महंगी ड्रग की यह पहली बड़ी बरामदगी है। इससे संकेत मिलता है कि अब ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क छोटे शहरों तक भी फैल चुका है।दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने कहा है कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।

Share This Article