Govindpur drug arrest:
जमशेदपुर। जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की गई है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उन्हें जेल भेजा जाएगा।
गिरफ्तार युवकों की पहचान शेष नगर, गोविंदपुर के गौरव कुमार उर्फ अमर, बर्मामाइंस की मुस्लिम बस्ती के इमरान, सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली निवासी जम्मुवन महतो और कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया निवासी लखन मांझी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 81 पुड़िया ब्राउन शुगर, चार मोबाइल फोन और 2550 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद रकम ड्रग्स बेचकर एकत्र की गई थी, जिसे भी जब्त कर लिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया:
गोविंदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के नया रोड के पास जंगल की ओर जाने वाली सड़क पर कुछ लोग नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम बनाई गई और छापामारी की गई, जिसमें ये चारों युवक पकड़े गए। पुलिस का कहना है कि यह गैंग ब्राउन शुगर की सप्लाई में सक्रिय था और इनके नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।







