Poison mixed in golgappa: गोलगप्पे में जहर मिलाकर प्रेमिका की हत्या की साजिश, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

2 Min Read

Poison mixed in golgappa

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के Ranka थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी गर्भवती प्रेमिका को गोलगप्पे में जहर मिलाकर मारने की साजिश रची। भनक लगने पर युवती ने रातभर जंगल में छिपकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पीड़िता के अनुसार

पीड़िता के अनुसार, 21 फरवरी 2026 की दोपहर करीब दो बजे आरोपी शाकेत केशरी ने फोन कर उसे कुछ खिलाने की बात कही। युवती ने गोलगप्पा खाने की इच्छा जताई। आरोप है कि गोलगप्पा खाने के बाद उसे उल्टी होने लगी और मुंह से खून आने लगा।

क्या है मामला

शाम करीब चार बजे आरोपी ने दोबारा फोन कर डॉक्टर के पास ले जाने की बात कही, लेकिन अस्पताल ले जाने के बजाय वह उसे मोटरसाइकिल से बैरिया जंगल की ओर ले गया। जंगल में करीब 100 मीटर अंदर ले जाकर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या की कोशिश की। मारपीट में युवती की आंख के पास गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गई। होश आने पर युवती किसी तरह वहां से छिप गई और पूरी रात जंगल में छिपकर अपनी जान बचाती रही। अगली सुबह वह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

बताया जाता है कि दोनों के बीच पिछले छह वर्षों से प्रेम संबंध था और उनके संबंध से एक बच्चा भी है। गांव समाज के हस्तक्षेप के बाद दोनों को अलग कर दिया गया था, लेकिन आरोपी ने दोबारा शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाए। वर्तमान में पीड़िता आठ माह की गर्भवती बताई जा रही है। पीड़िता के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शाकेत केशरी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।

Share This Article