fraudulent gas link scam: फर्जी गैस लिंक से ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, गिरिडीह पुलिस ने दो को दबोचा

3 Min Read

गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्जी गैस कनेक्शन लिंक के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

साइबर डीएसपी आबिद खान ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग आम नागरिकों को यह कहकर डराने की कोशिश कर रहे हैं कि उनका गैस कनेक्शन बंद हो जाएगा। इसके बाद वे महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड (MNGL) के नाम से फर्जी लिंक भेजते थे और उस लिंक पर क्लिक करवाकर लोगों से पैसे ठग लेते थे।

एक विशेष जांच टीम का हुआ गठन

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव में छापेमारी की। इस दौरान आनंद कुमार मंडल और दीपक कुमार मंडल को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से इस तरह की साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जाता था।

साइबर थाना गिरिडीह में प्राथमिकी भी दर्ज हुई


इस मामले में साइबर थाना गिरिडीह में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य प्रिंस कुमार मंडल अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें। अगर कोई व्यक्ति गैस, बैंक या किसी अन्य सेवा के नाम पर लिंक भेजता है तो पहले उसकी पुष्टि करें। किसी भी तरह की साइबर ठगी की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को देने की सलाह दी गई है।

Share This Article