Fraud in Railway Group D exam: रेलवे ग्रुप-डी परीक्षा में फर्जीवाड़ा, जीजा के बदले परीक्षा देते पकड़ा गया साला

2 Min Read

Fraud in Railway Group D exam

रांची। रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में रेलवे ग्रुप-डी परीक्षा के दौरान परीक्षा फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। लोअर चुटिया स्थित अरुनुमा टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड परीक्षा केंद्र पर जीजा के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे साले को बायोमीट्रिक जांच के दौरान पकड़ा गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लालू कुमार उर्फ अनीश कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के गया जिले के फतेहपुर का रहने वाला है। जांच में पता चला कि वह अपने जीजा जवाहर प्रसाद के बदले परीक्षा देने पहुंचा था। मूल परीक्षार्थी जवाहर प्रसाद भी फतेहपुर, गया का निवासी है।

बायोमीट्रिक जांच के दौरान खुलासा

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय बायोमीट्रिक जांच के दौरान पहचान में गड़बड़ी सामने आई, जिसके बाद ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने उसे रोक लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह जीजा की जगह परीक्षा लिखने आया था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

जानकारी मिलते ही डीएसपी मुख्यालय प्रथम और नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी से पूछताछ की। परीक्षा नियंत्रक रामाशंकर के बयान पर नामकुम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े में अन्य लोग शामिल थे या नहीं।

Share This Article